अंडर-19 विश्व कप- भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला आज

कब, कहाँ और कितने बजे होगा भारत-पाकिस्तान U-19 मैच? जानिए पूरी डिटेल

नई दिल्ली। अंडर-19 विश्व कप के सुपर सिक्स चरण में आज यानि रविवार को क्रिकेट प्रेमियों को एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा, जब पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम जहां टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ यह मैच सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ कर सकता है। एशिया कप फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता करने का यह भारत के लिए सुनहरा मौका होगा।

भारत की जीत से सेमीफाइनल तय

सुपर सिक्स चरण में अब तक ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अंतिम चार में पहुंचने के लिए सिर्फ एक स्थान बचा है, जिस पर भारत और पाकिस्तान के बीच सीधा मुकाबला है।

भारत ने सभी मैच जीतकर छह अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रन रेट +3.337 है। यदि भारत यह मुकाबला जीत लेता है तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। हार की स्थिति में भी भारत का बेहतर नेट रन रेट उसे बढ़त दिला सकता है।

नो हैंडशेक नीति पर सबकी नजर

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के साथ एक बार फिर ‘नो हैंडशेक’ नीति चर्चा में है। इससे पहले अंडर-19 एशिया कप के दौरान भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया था। माना जा रहा है कि इस मुकाबले में भी भारतीय टीम इसी नीति को अपनाए रख सकती है, जिससे मैच के बाहर भी माहौल गरम बना रहेगा।

शानदार फॉर्म में भारतीय टीम

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक दमदार प्रदर्शन किया है। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ जीत से की, इसके बाद बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को ग्रुप चरण में हराया। सुपर सिक्स के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 204 रनों से रौंदकर टीम ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा, क्योंकि हालिया एशिया कप फाइनल में भारत को उनसे हार का सामना करना पड़ा था।

भारत की ताकत: संतुलित बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी

भारतीय बल्लेबाजी क्रम शानदार लय में नजर आ रहा है। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने चार मैचों में 183 रन बनाए हैं। ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने दो अर्धशतकों की मदद से 166 रन जोड़े हैं। मध्यक्रम में विहान मल्होत्रा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 109 रन की यादगार पारी खेली थी और कुल 151 रन बना चुके हैं।
गेंदबाजी में हेनिल पटेल चार मैचों में 10 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। वहीं, उद्धाव मोहन, आरएस अंबरीश और कप्तान आयुष म्हात्रे भी लगातार विकेट निकालने में सक्षम रहे हैं।

आत्मविश्वास के साथ उतरेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान ने टूर्नामेंट की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ हार से की थी, लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे को हराया। सुपर सिक्स में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से मात देकर पाकिस्तान का मनोबल ऊंचा है।

ओपनर समीर मिनहास पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं, जो अब तक दो अर्धशतक लगा चुके हैं। गेंदबाजी में अली रजा ने चार मैचों में 12 विकेट लेकर विपक्षी टीमों को परेशान किया है, जबकि अब्दुल शुभान ने भी 10 विकेट झटके हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार है –

भारत: आरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश पंगालिया, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, मोहम्मद इनान, उद्धाव मोहन, किशन सिंह।

पाकिस्तान: फरहान युसूफ (कप्तान), उस्मान खान, अली हसन बलोच, हम्जा जहूर, हुजैफा एहसान, मोहम्मद शायन, समीर मिनहास, अहमद हुसैन, अब्दुल शुभान, अली रजा, डेनियल अली खान, मोहम्मद सयाम, मोमिन कमार, निकाब शफीक, उमर जैब।

कब और कहां होगा मुकाबला?

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप का सुपर-6 का आखिरी मुकाबला बुलावेयो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. यह मैच रविवार 1 फरवरी को खेला जाएगा.

कितने बजे शुरू होगा मैच?

यह मुकाबला दोपहर 1 बजे शुरू होगा. मैच का टॉस 12:30 होगा.

कहां देख पाएंगे लाइव?

यह मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देख पाएंगे. स्टार स्पोर्ट्स 2 पर मैच का प्रसारण होगा, जबकि जियो हॉटस्टार पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *