
देहरादून पुलिस ने भाजपा नेता रोहित नेगी की हत्या के दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी अजहर त्यागी और उसके साथी को उत्तर प्रदेश के पुरकाजी में घेराबंदी करके पकड़ा गया। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की। गोली लगने से घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहित नेगी की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव था।
सोमवार रात सेलाकुई के तिलवाड़ी निवासी रोहित नेगी, उसका दोस्त अभिषेक बर्तवाल, निशांत खर्कवाल, पीयूष बिष्ट, आयुष, आयुष की महिला मित्र आन्या खान व तरुण हांडा एक पार्टी में थे। यह पार्टी आन्या खान ने तरुण के बड़ोवाला स्थित घर पर उसकी इंटर्नशिप पूरी होने पर रखी थी। इसी दौरान आन्या खान के पुराने मित्र अजहर त्यागी ने आन्या को फोन किया और अपशब्द कहने शुरू कर दिए। फोन स्पीकर पर होने के चलते अजहर की गाली-गलौच सबने सुनीं। इसका विरोध करते हुए रोहित नेगी ने फोन पर ही अजहर से आन्या को बेवजह परेशान करने का कारण पूछा तो आरोपित ने उसे देख लेने की धमकी दी और डीबीआइटी चौक पर आने को कहा।
घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और आरोपितों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठने लगी। पुलिस ने दोनों आरोपितों के बारे में सुराग जुटाते हुए गुरुवार रात को दोनों को मुजफ्फनगर-मंगलौर सीमा पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पहले गुरकुल नारसन अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स रेफर किया गया है। एसएसपी अजय सिंह खुद पूरे आपरेशन की कमान संभाले रहे।